
दिल्ली। कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का भाई और महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी हत्याकांड का मुख्य आरोपी अनमोल बिश्नोई बुधवार को अमेरिका से भारत लाया गया। भारत पहुँचते ही राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने उसे इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर गिरफ्तार कर लिया। एजेंसी ने गिरफ्तारी की तस्वीर भी जारी की है, जिसमें दो अधिकारियों के बीच अनमोल को ले जाते हुए दिखाया गया है।
NIA ने बताया कि अनमोल 2022 से फरार था और अमेरिका में रह रहा था। वह अपने भाई लॉरेंस बिश्नोई के नेतृत्व वाले सिंडिकेट में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार होने वाला 19वां आरोपी है। जांच में खुलासा हुआ कि 2020 से 2023 के बीच उसने नामित आतंकवादी गोल्डी बरार और लॉरेंस बिश्नोई की आतंकवादी गतिविधियों में सक्रिय सहायता की थी। इसी आधार पर मार्च 2023 में NIA ने उसके खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया था।
अनमोल के आगमन से पहले IGI एयरपोर्ट पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई थी। डॉग स्क्वॉड और सुरक्षा कर्मियों ने टर्मिनल-3 पर वाहनों व परिसर की सघन जांच की। अनमोल को एयरपोर्ट से सीधे दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ले जाया जाएगा। वह सलमान खान के घर के बाहर हुई गोलीबारी की साजिश से भी जुड़ा बताया गया है।





