
पटना। बिहार में नई सरकार के गठन को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। जानकारी के मुताबिक, 15 अप्रैल को नई सरकार का औपचारिक गठन किया जाएगा। इससे पहले आज मुख्यमंत्री आवास पर एक अहम बैठक आयोजित की जा रही है, जिसमें सरकार के गठन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा होगी।
बैठक को देखते हुए भाजपा और जदयू के सभी विधायकों को पटना में ही मौजूद रहने के निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान संभावित मंत्रिमंडल विस्तार, मंत्रियों की संख्या और विभागों के बंटवारे जैसे अहम मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
सूत्रों के अनुसार, अगले दो दिनों के भीतर इन सभी विषयों पर अंतिम निर्णय लिया जा सकता है, जिसके बाद नई सरकार के स्वरूप की तस्वीर पूरी तरह साफ हो जाएगी। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को पार्टी ने बड़ी जिम्मेदारी दी है। भारतीय जनता पार्टी के संसदीय बोर्ड ने बिहार में पार्टी विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। इसके साथ ही, पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के बाद पार्टी ने बिहार में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने एक अधिसूचना में कहा कि भारतीय जनता पार्टी के संसदीय बोर्ड ने कृषि एवं किसान कल्याण एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान को बिहार में भाजपा के विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।





