Featureराष्ट्रीय

सिएरा लियोन से दिल्ली पहुंची एक महिला यात्री के कब्ज़े से 22 किलोग्राम कोकीन जब्त

दिल्ली। राजस्व खुफिया निदेशालय के अधिकारियों ने मादक पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय तस्करी करने वाले गिरोहों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पश्चिमी अफ़्रीकी देश सिएरा लियोन से आई एक विदेशी महिला यात्री को रोककर उसके कब्ज़े से 22 किलोग्राम कोकीन जब्त की है। जब्त किए गए कोकीन की अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में कई करोड़ रुपये कीमत आंकी गई है। राजस्व खुफिया निदेशालय की इस कार्रवाई में तस्करी के सुनियोजित और दुस्साहसपूर्ण तरीके का खुलासा हुआ जिसमें हवाई अड्डे की सुरक्षा जांच से बचने के लिए फर्जी राजनयिक दस्तावेजों का इस्तेमाल किया गया।

गिरफ्तार की गई महिला यात्री ने खुद को राजनयिक कूरियर बताया और उसके पास एक बड़ा ब्रीफकेस जैसा बॉक्स था, जिस पर राजनयिक डाक-डिप्लोमैटिक मेल और बिना अनुमति न खोलें जैसे निशान अंकित थे। महिला ने कुछ ऐसे दस्तावेज भी पेश किए, जो पहली नज़र में ही जाली लगे। इन दस्तावेजों में दावा किया गया था कि यह सामान संयुक्त राष्ट्र के एक राजनयिक कूरियर का है। प्रत्यक्ष तौर पर इन दस्तावेजों का इस्तेमाल जांच से बचने के लिए किया गया था।

डीआरआई अधिकारियों ने विशेष सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए निर्धारित प्रक्रिया अनुसार ब्रीफकेस की गहन जांच की जिसमें प्लास्टिक की कई परतों में छिपाए गए 22 पैकेट बरामद हुए। इन पैकेट से बरामद सफेद रंग के ईंट के आकार के पदार्थ की मौके पर जांच की गई जिसमें इसके कोकीन होने की पुष्टि हुई।

कोकीन के सभी 22 पैकेट स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम, 1985 के प्रावधानों के तहत जब्त कर लिए गए। महिला यात्री को भी एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के तहत गिरफ्तार कर सक्षम न्यायालय में पेश किया गया।

राजस्व खुफिया निदेशालय, विशेष सूचना के आधार पर प्रभावी कदम उठाते हुए तस्करी के नए तरीकों का पर्दाफाश करने और अवैध कार्यों के लिए संस्थागत विशेषाधिकारों का दुरुपयोग करने वाले अंतरराष्ट्रीय गिरोहों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button