
मुंबई। हॉरर फिल्मों में अब तक दर्शकों ने भूतिया हवेलियों, डरावने जंगलों और आत्माओं की खौफनाक कहानियों का रोमांच देखा है, लेकिन इस बार डर का माहौल किसी पुरानी हवेली में नहीं, बल्कि गांव के खेतों में नजर आएगा। जैकी श्रॉफ और शरद केलकर की आगामी हॉरर फिल्म ‘काली खेती’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है। ट्रेलर में एक ऐसे गांव की कहानी की झलक दिखाई गई है, जहां खेतों से जुड़ा एक रहस्यमयी राज लोगों की जिंदगी में खौफ पैदा कर रहा है।
खेतों के पीछे छिपा है खौफनाक रहस्य
फिल्म की कहानी एक ऐसे गांव के इर्द-गिर्द बुनी गई है, जहां बाहर से सब कुछ सामान्य दिखाई देता है, लेकिन भीतर ही भीतर एक अनजाना डर लोगों को अपनी गिरफ्त में लिए हुए है। गांव के खेतों में आखिर ऐसा क्या छिपा है, जिसका असर वहां के लोगों की जिंदगी पर पड़ रहा है? यही सवाल फिल्म की कहानी को रहस्यमयी और रोमांचक बनाता है। अपने अनोखे विषय, डरावने माहौल और रहस्य से भरपूर कहानी के चलते ‘काली खेती’ ने दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है।





