Featureछत्तीसगढ़

खैरागढ़ में 1500 किलो संदिग्ध एनालॉग पनीर नष्ट, रायपुर में भी 100 किलो नष्ट कराया

खैरागढ़-छुईखदान-गंडई। प्रदेश में चल रहे 15 दिवसीय विशेष अभियान “सुरक्षित आहार, हमर अधिकार” के तहत खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने एनालॉग पनीर के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की है।

नियंत्रक सह आयुक्त, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, छत्तीसगढ़ दीपक कुमार अग्रवाल के निर्देशन में जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा साल्हेवारा पुलिस टीम के सहयोग से लगभग 1500 किलोग्राम संदिग्ध एनालॉग पनीर जब्त कर नष्ट कराया गया।

साल्हेवारा पुलिस टीम द्वारा वाहन क्रमांक MP-04 WC 8386 में परिवहन किए जा रहे प्रतिबंधित एनालॉग पनीर के कुल 30 बॉक्स, लगभग 1500 किलोग्राम पनीर बरामद कर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग को सुपुर्द किया गया. किसी व्यक्ति अथवा फर्म द्वारा उक्त सामग्री पर अपना स्वामित्व या दावा प्रस्तुत नहीं किया गया।

जब्तशुदा पनीर के सभी 30 बॉक्स का निरीक्षण करने पर पाया गया कि किसी भी बॉक्स पर खाद्य सामग्री के निर्माण में प्रयुक्त Ingredients, निर्माण तिथि, समाप्ति तिथि, बैच/लॉट नंबर, निर्माता फर्म का नाम एवं पता, संपर्क नंबर तथा अन्य अनिवार्य लेबल संबंधी विवरण अंकित नहीं थे।

साथ ही, राज्य शासन द्वारा संपूर्ण छत्तीसगढ़ राज्य में एनालॉग पनीर के प्रतिबंध को ध्यान में रखते हुए जब्तशुदा संपूर्ण 30 बॉक्स (लगभग 1,500 किलोग्राम) संदिग्ध पनीर का विनष्टीकरण कराया गया।

इससे पूर्व 2 दिन पहले रायपुर में भी लगभग 100 किलोग्राम एनालॉग पनीर नष्ट कराया गया था।

नियंत्रक दीपक कुमार अग्रवाल ने कहा कि एनालॉग पनीर उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा है। प्रदेश में इसके निर्माण, भंडारण, परिवहन एवं विक्रय पर पूर्ण प्रतिबंध है। “सुरक्षित आहार, हमर अधिकार” अभियान के तहत एनालॉग पनीर के विरुद्ध इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button