
लखनऊ। यूपी की राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को सीबीआई कार्यालय के बाहर सुरक्षा में तैनात एएसआई पर एक व्यक्ति द्वारा तीर से हमला करने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। आरोपी की पहचान 50 वर्षीय दिनेश मुर्मू के रूप में हुई है, जो बिहार का रहने वाला है। एएसआई वीरेंद्र सिंह इस हमले में घायल हो गए हैं और उन्हें सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कैसे हुआ हमला?
सूत्रों के मुताबिक, एएसआई वीरेंद्र सिंह लखनऊ पुलिस लाइन से सीबीआई कार्यालय की सुरक्षा में तैनात थे। शुक्रवार को उन्होंने दफ्तर के गेट पर खड़े एक संदिग्ध व्यक्ति से उसकी उपस्थिति का कारण पूछा। उस व्यक्ति, दिनेश मुर्मू, ने अचानक झोले से तीर-धनुष निकाला और एएसआई पर तीर चला दिया, जिससे वह घायल हो गए।
आरोपी की पृष्ठभूमि
पुलिस जांच में सामने आया है कि दिनेश मुर्मू पहले रेलवे में नौकरी करता था लेकिन अनुशासनहीनता के चलते बर्खास्त कर दिया गया था। इससे पहले भी वह कई बार पुलिस और अधिकारियों से मारपीट के मामलों में जेल जा चुका है।