
अंबिकापुर। सरगुजा जिले में एक भीषण सड़क हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी है। सकालो जंगल के पास तेज रफ्तार ट्रक ने एक कार को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
यह हादसा गांधीनगर थाना क्षेत्र में हुआ। जानकारी के मुताबिक ट्रक प्रतापपुर की ओर से आ रही थी, वहीं कार अंबिकापुर की दिशा में जा रही थी। कार में कुल चार लोग सवार थे। इसी दौरान सकालो जंगल के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में एक महिला और दो पुरुषों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल युवक को स्थानीय लोगों की मदद से नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।





