Featureराष्ट्रीय

शिल्प समागम मेला में 64.52 लाख रुपये से अधिक की बिक्री, शानदार प्रतिक्रिया और कारीगरों के लिए बाजार के बढ़ते अवसर

भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय राजधानी के आईएनए स्थित ‘दिल्ली हाट’ में आयोजित 15-दिवसीय ‘शिल्प समागम मेला 2026’, भारत की समृद्ध पारंपरिक कारीगरी, सांस्कृतिक विरासत और उद्यमशीलता की भावना को प्रदर्शित करने वाले एक जीवंत मंच के रूप में उभरा है।

.

यह मेला 15 नवंबर, 2026 तक चलेगा। इससे अनुसूचित जातियों, अन्य पिछड़ा वर्गों, सफाई कर्मचारियों और दिव्यांगजनों से जुड़े कारीगरों एवं लाभार्थियों को अपने उत्पादों को एक व्यापक  दर्शक-वर्ग के सामने प्रदर्शित करने तथा बेचने का अवसर मिलेगा।

.

मंत्रालय 2022 से ‘शिल्प समागम मेलों’ का आयोजन कर रहा है। इन मेलों के जरिए अनुसूचित जातियों, अन्य पिछड़ा वर्गों और सफाई कर्मचारी समुदायों के 1,000 से अधिक कारीगरों को अपने उत्पादों को प्रदर्शित एवं बिक्री करने के अवसर मिले हैं, जिससे उन्हें लाभ हुआ है।

.

इस पहल का उद्देश्य स्वरोजगार को बढ़ावा देना, उद्यमिता को प्रोत्साहित करना और लाभार्थी समुदायों के सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण में मदद करना है।

.

‘प्रकाश और परंपरा – ज्योति से ज्योति जलाएँ’ विषय पर आयोजित, दो सप्ताह का यह मेला सात अलग-अलग विषयगत क्षेत्रों के जरिए भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक शिल्प कौशल को एक साथ लाता है। इनमें कला आँगन, प्रकाश चौक, पूजा पथ, सजावट बाज़ार, घराना, स्वाद चौक और मंच शामिल हैं, जो आगंतुकों को भारत की कलात्मक, सांस्कृतिक एवं पाक-कला संबंधी विविधता का व्यापक अनुभव प्रदान करते हैं।

मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इस मेले में शुरुआत से ही बिक्री उत्साहजनक रही है, जो आगंतुकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया और लाभार्थी समुदायों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की बढ़ती सराहना को दर्शाती है।

.

उन्होंने बताया कि इस मेले में शामिल चार निगमों – राष्ट्रीय अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम (एनएसएफडीसी), राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग वित्त एवं विकास निगम (एनबीसीएफडीसी), राष्ट्रीय  सफाई कर्मचारी वित्त एवं विकास निगम (एनएसकेएफडीसी) और राष्ट्रीय दिव्यांगजन वित्त एवं विकास निगम (एनडीएफडीसी) – ने 1 नवंबर से 9 नवंबर, 2026 के बीच लगभग 64.52 लाख रुपये की कुल बिक्री दर्ज की है।

.

उन्होंने कहा कि बिक्री के आंकड़े मेले में प्रदर्शित उत्पादों के प्रति बाजार की सकारात्मक प्रतिक्रिया और इसमें भाग लेने वाले कारीगरों के लिए बाजार के बढ़ते अवसरों को दर्शाते हैं।

.

मंत्रालय लाभार्थियों को मुफ्त स्टॉल, यात्रा खर्च, दैनिक भत्ता और उनके सामान के लिए परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराकर उनकी भागीदारी को सुगम बनाता है। ये सहायता संबंधी उपाय कारीगरों को लॉजिस्टिक और वित्तीय बाधाओं को दूर करने में मदद करते हैं। साथ ही, उन्हें नए बाजारों एवं ग्राहकों तक पहुंचने में सक्षम भी बनाते हैं।

इस मेले में 130 से अधिक स्टॉलों के जरिए हस्तशिल्प, हथकरघा उत्पाद, पारंपरिक वस्त्र, त्योहारों की सजावट का सामान, लैंप, घर की सजावट की वस्तुएं और अन्य स्वदेशी उत्पादों की एक विस्तृत श्रृंखला प्रदर्शित की गई है।

.

यह प्रदर्शनी कारीगरों एवं लाभार्थियों के लिए विपणन का एक सुलभ मंच प्रदान करती है, जहां  वे सीधे उपभोक्ताओं से जुड़ सकते हैं, बाजार में अपनी पहुंच का विस्तार कर सकते हैं और अपनी उद्यमशीलता संबंधी क्षमताओं को सुदृढ़ कर सकते हैं।

यह मेला कारीगरों को बाजार में अपनी पहुंच बढ़ाने के अवसर भी प्रदान करता है। इसके लिए ‘भारत ट्यूलिप’ जैसी पहलें हैं, जो कारीगरों को ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म से जोड़ती हैं। साथ ही, ‘पर्पल फेस्ट’ जैसी पहलें समावेशन एवं समान अवसरों को बढ़ावा देते हुई दिव्यांगजनों की रचनात्मकता तथा क्षमताओं का उत्सव मनाती हैं।

.

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार; सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री श्री रामदास अठावले; उपभोक्ता कार्य, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण राज्यमंत्री श्रीमती निमुबेन जयंतीभाई बांभणिया; और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के सचिव श्री सुधांश पंत के साथ-साथ अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने इस मेले का दौरा किया।

.

अपने दौरों के दौरान, गणमान्य व्यक्तियों ने प्रदर्शनी के विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया, पारंपरिक शिल्प कौशल की सराहना की और मेले में भाग लेने वाले कारीगरों से बातचीत की। इसके साथ ही, उन्होंने वंचित समुदायों के लिए समावेशी उद्यमिता, आर्थिक सशक्तिकरण और टिकाऊ आजीविका के अवसरों को बढ़ावा देने के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को फिर से दोहराया।

.

इस मेले का एक मुख्य आकर्षण ‘मंच’ पर हर शाम आयोजित होने वाली सांस्कृतिक गतिविधियां  एवं कार्यक्रम हैं। विभिन्न राज्यों के कलाकार और प्रदर्शन करने वाले समूह यहां आकर रंगारंग  लोक नृत्य, पारंपरिक संगीत एवं क्षेत्रीय कलाओं का प्रदर्शन करते हैं। ये प्रस्तुतियां दर्शकों को एक ही मंच पर भारत की विविध सांस्कृतिक अभिव्यक्तियों की झलक दिखलाती हैं, जिससे एक उत्सव जैसा माहौल बनता है और क्षेत्रीय सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा मिलता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button