
रायपुर। ज्यादा ब्याज का झांसा देकर ठगी करने वाले डीसी कैपिटल्स कम्पनी के 2 संचालकों को गिरफ्तार किया गया है। मामला तेलीबांधा थाने का है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कांशीराम नगर निवासी मनीष सिंह ने मरीन ड्राईव के सामने ईश्वरी प्लाजा के ग्राउंड फ्लोर स्थित एक कंपनी डीसी कैपिटल्स से संपर्क किया। कंपनी के संचालक देवतनु चक्रवर्ती और मनोहर मेरसा ने कंपनी में रकम जमा करने की कई स्कीम बताई। इसमें 10,000 रुपए या उससे अधिक रकम जमा करने पर मोटा ब्याज देने का झांसा दिया। उनके झांसे में आकर मनीष ने 10,000 रुपए उनके पास जमा करा दिये। लेकिन उसे पावती नही दी गई। कहा गया कि उक्त स्कीम के संबंध में बांड पेपर रकम खाता में जमा होने के बाद पावती आपके घर पहुंच जायेगी और 12 माह पूर्ण होने बाद इसी ऑफिस से रकम मिल जायेगी। इसके बाद मनीष प्रार्थी बांड पेपर का इंतजार कर रहा था। इसी बीच उसने डीसी कैपिटल्स के संचालक देवतनु चक्रवर्ती एवं मनोहर मेरसा से संपर्क किया, लेकिन उनका मोबाईल नम्बर बंद आने लगा जिस। मनीष ने तेलीबांधा स्थित ऑफिस को जाकर देखा तो उसमें ताला लगा हुआ था। मनीष सिंह ने इसकी शिकयत तेलीबांधा थाने में की, जिसके बाद आरोपियों को विरूद्ध थाने में अपराध क्रमांक 350/23 धारा 420, 120बी भादवि. का अपराध पंजीबद्ध किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन व थाना प्रभारी तेलीबांधा के नेतृत्व में थाना तेलीबांधा पुलिस की टीम द्वारा घटना के संबंध में प्रार्थी से विस्तृत पूछताछ करते हुए प्रकरण में संलिप्त आरोपियों की पतासाजी करना प्रारंभ किया गया। टीम के सदस्यों द्वारा प्रकरण में संलिप्त आरोपियों के छिपने के हर संभावित ठिकानों में लगातार रेड कार्यवाही करते हुए प्रकरण में आरोपी देवतनु चक्रवर्ती एवं मनोहर दास मेरसा को पकड़कर पूछताछ करने पर उनके द्वारा ठगी की उक्त घटना को कारित करना स्वीकार किया गया।
जिस पर आरोपी देवतनु चक्रवर्ती एवं मनोहर दास मेरसा को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से घटना से संबंधित मोबाईल फोन, कम्प्यूटर एवं अन्य दस्तावेज जप्त कर आरोपियो के विरूद्ध कार्रवाई की गई।
गिरफ्तार आरोपी-
देवतनु चक्रवर्ती पिता राखलचंद चक्रवर्ती उम्र 50 साल निवासी ई-11 सेक्टर 02 अवंति विहार कॉलोनी तेलीबांधा रायपुर।
मनोहर दास मेरसा पिता स्व. दादू राम मेरसा उम्र 47 साल निवासी एलआईजी 23 म.नं. 354 हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी बोरियाकला थाना मुजगहन रायपुर।