
नई दिल्ली। मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना दबाव एक भीषण चक्रवाती तूफान में तब्दील होकर 17 नवंबर को आंध्र प्रदेश के तट से टकरा सकता है। इस कारण उत्तरी आंध्र के तटीय इलाकों में भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है। पिछले 20 दिनों के भीतर राज्य के तट से टकराने वाला यह तीसरा चक्रवात होगा।
आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों पर एक बार फिर भीषण चक्रवाती तूफान का खतरा मंडरा रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने चेतावनी दी है कि 17 नवंबर को यह तूफान आंध्र प्रदेश के तट से टकरा सकता है।
बंगाल की खाड़ी में तेजी से ताकतवर हो रहा सिस्टम
मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र अब और मजबूत होकर डिप्रेशन में बदल गया है। रविवार, 15 नवंबर की सुबह साढ़े पांच बजे यह सिस्टम श्री विजयपुरम (पोर्ट ब्लेयर) से करीब 700 किलोमीटर पश्चिम-दक्षिण पश्चिम, चेन्नई से 860 किलोमीटर पूर्व-दक्षिण पूर्व, विशाखापत्तनम से 1040 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण पूर्व और ओडिशा के गोपालपुर से 1160 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण पूर्व में केंद्रित था।
रविवार सुबह जारी अपने बुलेटिन में आईएमडी ने बताया, “यह सिस्टम लगातार उत्तर-उत्तर पश्चिम दिशा की ओर बढ़ेगा। 16 नवंबर को यह दक्षिण और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के बीच एक चक्रवाती तूफान का रूप ले लेगा और 17 नवंबर को पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में एक बेहद गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल जाएगा।”





