
आरंग। थाना आरंग क्षेत्र के ग्राम भानसोज बाजार चौक स्थित गुरुकृपा ज्वेलर्स के संचालक पर स्प्रे छिड़ककर लूट और डकैती का प्रयास करने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वारदात के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 5 जून 2026 की रात करीब 8:50 बजे ज्वेलर्स संचालक चंद्रहास देवांगन अपनी दुकान बंद कर रहे थे। इसी दौरान अचानक बिजली गुल हो गई। अंधेरे का फायदा उठाते हुए तीन नकाबपोश बदमाश मोटरसाइकिल से मौके पर पहुंचे और चंद्रहास देवांगन पर कोई नशीला अथवा जलन पैदा करने वाला स्प्रे छिड़क दिया।
अचानक हुए हमले से संचालक को संभलने का मौका नहीं मिला। आरोपियों ने दुकान में लूट और डकैती की कोशिश की। घटना के बाद प्रार्थी ने थाना आरंग पहुंचकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई।




