Featureराष्ट्रीय

कर्मभूमि एक्सप्रेस के चार कोच में लगी आग, यात्रियों में मची अफरा-तफरी

चंडीगढ़। पंजाब के पटियाला जिले में शुक्रवार दोपहर बड़ा रेल हादसा टल गया। राजपुरा के पास सराय बंजारा क्षेत्र में अमृतसर से न्यू जलपाईगुड़ी जा रही कर्मभूमि एक्सप्रेस के चार डिब्बों में आग लग गई। चलती ट्रेन में आग और धुएं का गुबार देखकर यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, समय रहते यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, घटना में किसी के हताहत या घायल होने की खबर नहीं है।

जानकारी के मुताबिक, ट्रेन संख्या 12508 शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे सराय बंजारा के पास पहुंची थी। आग इंजन से पांचवें कोच के आसपास लगी और देखते ही देखते आसपास के डिब्बों तक फैल गई। कुछ रिपोर्टों में आग की शुरुआत पैंट्री कार से होने की बात कही गई है। आग के साथ उठते घने धुएं को देखकर यात्रियों ने ट्रेन से उतरकर सुरक्षित स्थानों की ओर जाना शुरू कर दिया।

अलार्म बजते ही यात्रियों को निकाला गया
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग की चेतावनी मिलने के बाद ट्रेन को रोककर यात्रियों को बाहर निकाला गया। रेलवे अधिकारियों, पुलिस और दमकल टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पटियाला के उपायुक्त हिमांशु अग्रवाल के मुताबिक, शुरुआती सूचना में आग पैंट्री से शुरू होकर आसपास के डिब्बों तक फैलने की बात सामने आई थी। उन्होंने बताया कि अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है।

रेलवे ने दिए उच्चस्तरीय जांच के आदेश
आग लगने के कारणों का आधिकारिक रूप से पता नहीं चल पाया है। शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हुई है। रेलवे ने घटना की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं, ताकि आग लगने की वास्तविक वजह और नुकसान का आकलन किया जा सके। अधिकारियों के अनुसार, सभी संभावित पहलुओं की जांच की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button