Featureराष्ट्रीय

राजभाषा हिंदी के उत्कृष्ट कार्यान्वयन के लिए रक्षा मंत्रालय को ‘राजभाषा कीर्ति पुरस्कार’ में प्रथम स्थान

राजभाषा हिंदी के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यान्वयन के लिए रक्षा मंत्रालय को राजभाषा विभाग, गृह मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा वर्ष 2025-26 के लिए राजभाषा कीर्ति पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। 300 से अधिक कार्मिक वाले मंत्रालयों/विभागों की श्रेणी में रक्षा मंत्रालय ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है।

यह प्रतिष्ठित पुरस्कार 14 सितंबर 2026 को हिंदी दिवस के अवसर पर नवी मुंबई स्थित सिडको एक्जीबिशन सेंटर में आयोजित हिंदी दिवस समारोह एवं छठे अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन के दौरान प्रदान किया गया। गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह  ने रक्षा मंत्रालय के अपर सचिव श्री मनीष त्रिपाठी  को यह सम्मान प्रदान किया।

यह पुरस्कार रक्षा मंत्रालय में राजभाषा हिंदी के उत्कृष्ट प्रयोग, प्रभावी कार्यान्वयन और हिंदी के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता, सरकारी कामकाज में हिंदी के अधिकाधिक एवं गुणवत्तापूर्ण प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों को मान्यता प्रदान करता है।

राजभाषा विभाग, गृह मंत्रालय द्वारा आयोजित इस दो दिवसीय सम्मेलन में केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों एवं विभागों, सार्वजनिक उपक्रमों, बैंकों तथा नगर राजभाषा कार्यान्वयन समितियों (नराकास) के अधिकारीगण सहित देशभर से लगभग 7,000 हिंदी सेवी भाग ले रहे हैं। समारोह में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे तथा उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजितदादा पवार सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button