
शिमला। हिमाचल प्रदेश में मानसून का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। लगातार हो रही बारिश के चलते पहाड़ी जिलों में जनजीवन प्रभावित है। जगह-जगह भूस्खलन और बारिश के कारण सड़कें बंद होने के साथ बिजली आपूर्ति और पेयजल व्यवस्था पर भी असर पड़ा है।
राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र की 16 अगस्त सुबह 10 बजे जारी रिपोर्ट के अनुसार, पिछले 24 घंटे में प्रदेश में 118 सड़कें बंद हो गई हैं। इसके अलावा 19 बिजली ट्रांसफार्मर बाधित हुए हैं, जबकि 216 पेयजल योजनाएं प्रभावित हुई हैं।
एक दिन पहले 15 अगस्त की शाम जारी रिपोर्ट में बंद सड़कों की संख्या 103 थी। ऐसे में कुछ ही घंटों के भीतर 15 और सड़कें बंद हो गईं। लगातार बढ़ रही सड़क बंदी ने पहाड़ी क्षेत्रों में आवागमन की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।





