Featureराष्ट्रीय

यूपी सीएम योगी की मां पंचतत्व में विलीन

देहरादून। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी मां को आखिरी प्रणाम करते हुए एक भावुक पोस्ट सोशल मीडिया पर साझा किया। वहीं, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, सीएम योगी की मां सावित्री देवी के अंतिम संस्कार में शामिल हुए। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भावुक पोस्ट करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “अंतिम प्रणाम मां…। प्रभु श्री राम के श्री चरणों में मां को परम विश्राम प्राप्त हो। यही प्रार्थना है। ओम शांति!” उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, हरिद्वार में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी के अंतिम संस्कार में सम्मिलित होकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। मां का स्नेह, ममता और आशीर्वाद जीवन की वह अनमोल धरोहर है, जिसका कोई विकल्प नहीं हो सकता। उनका बिछड़ना जीवन में ऐसी रिक्तता छोड़ जाता है, जिसे शब्दों में व्यक्त करना संभव नहीं। ईश्वर से प्रार्थना है कि पुण्यात्मा को श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें।

बता दें कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी शनिवार को हरिद्वार के चंडी घाट पर पंचतत्व में विलीन हो गईं। उनके छोटे बेटे महेंद्र मोहन बिष्ट ने वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक रीति-रिवाजों के बीच उन्हें मुखाग्नि दी। मां को अंतिम विदाई देने के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भावुक हो उठे। उन्होंने मां की अर्थी को कंधा दिया, चिता की परिक्रमा की और नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।

सावित्री देवी की अंतिम यात्रा उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले स्थित उनके पैतृक गांव पंचूर से हरिद्वार के लिए रवाना हुई थी। मुख्यमंत्री योगी भी मां के पार्थिव शरीर के साथ हरिद्वार पहुंचे। अंतिम यात्रा के दौरान उन्होंने घर से अर्थी को कंधा दिया और एंबुलेंस तक पहुंचाया। हरिद्वार के चंडी घाट पर भी उन्होंने अर्थी को कंधा देकर अपनी मां के प्रति अंतिम कर्तव्य निभाया। इस दौरान वह कई बार रूमाल से अपने आंसू पोंछते नजर आए। मां के निधन के बाद मुख्यमंत्री योगी ने उनके अंतिम दर्शन किए और पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। वह कुछ देर तक मां के पास खड़े रहे और उन्हें एकटक निहारते रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button