Featureराष्ट्रीय

अमरनाथ यात्रा 2026 अनिश्चितकाल के लिए स्थगित, 4.80 लाख से अधिक श्रद्धालु कर चुके दर्शन

श्रीनगर। उत्तर और दक्षिण कश्मीर के बालटाल एवं पहलगाम मार्गों पर ट्रैक क्षतिग्रस्त होने और खराब मौसम की चेतावनी के चलते श्री अमरनाथ यात्रा 2026 को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया है। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने दोनों बेस कैंप से पवित्र गुफा की ओर जाने वाले मार्गों पर यात्रा रोकने का फैसला लिया है।

अधिकारियों के मुताबिक, बालटाल और पहलगाम दोनों मार्गों को दुरुस्त करने में काफी समय लग सकता है। ऐसे में बेस कैंपों के साथ जम्मू के भगवती नगर यात्री निवास में मौजूद तीर्थयात्रियों से घर लौटने की अपील की गई है। इस वर्ष की अमरनाथ यात्रा के लिए नया पंजीकरण भी बंद कर दिया गया है और अब श्रद्धालुओं को कश्मीर घाटी की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी।

हालांकि, अमरनाथ यात्रा की धार्मिक परंपरा के तहत ‘छड़ी मुबारक’ 28 अगस्त को पारंपरिक पहलगाम मार्ग से पवित्र गुफा पहुंचेगी। इसी दिन अमरनाथ यात्रा का औपचारिक समापन किया जाएगा।

3 जुलाई से शुरू हुई 57 दिवसीय अमरनाथ यात्रा 2026 के दौरान अब तक 4.80 लाख से अधिक श्रद्धालु 3,880 मीटर की ऊंचाई पर स्थित पवित्र गुफा में बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अब केवल उन्हीं यात्री काफिलों को घाटी की ओर जाने की अनुमति होगी, जो पहले से मौजूद तीर्थयात्रियों को वापस लेकर लौट रहे होंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button