Featureछत्तीसगढ़

बस्तर की विश्वविख्यात हस्तशिल्प कला को मिलेगा राष्ट्रीय मंच, आज से द लोकल मेकर्स मार्केट

ग्रामोद्योग विभाग स्थापित करेगा विशेष "बस्तर पवेलियन

रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन ग्रामोद्योग विभाग के सहयोग से 31 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक रायपुर स्थित द वाहे (The Vaahe), विधानसभा रोड में “द लोकल मेकर्स मार्केट – 2026” का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर ग्रामोद्योग विभाग द्वारा विशेष “बस्तर पवेलियन” की स्थापना की जाएगी, जिसमें बस्तर अंचल की विश्वप्रसिद्ध ढोकरा शिल्प, लौह शिल्प, काष्ठ शिल्प एवं जनजातीय कलाकृतियों तथा हाथकरघा बुनकरों का आकर्षक प्रदर्शन किया जाएगा।

ग्रामोद्योग विभाग का उद्देश्य प्रदेश के पारंपरिक शिल्पकारों एवं कारीगरों को राष्ट्रीय स्तर पर विपणन का अवसर उपलब्ध कराना तथा छत्तीसगढ़ की समृद्ध हस्तशिल्प परंपरा को व्यापक पहचान दिलाना है।
तीन दिवसीय इस आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों से 80 से अधिक हस्तशिल्प उद्यमी एवं कलाकार अपनी सहभागिता दर्ज करेंगे। विभाग द्वारा उक्त आयोजन में 20 स्टाल लगाए जाएंगे, जिससे प्रदेश के शिल्पकारों को नए बाजार, संभावित खरीदारों एवं डिज़ाइन विशेषज्ञों से जुड़ने का अवसर प्राप्त होगा।

ग्रामोद्योग विभाग के सचिव राजेश सिंह राणा ने कहा कि बस्तर की हस्तशिल्प परंपरा हमारी सांस्कृतिक विरासत की अमूल्य धरोहर है। राज्य शासन निरंतर ऐसे प्रयास कर रहा है, जिनसे स्थानीय कारीगरों को उनकी कला के अनुरूप पहचान एवं सम्मान प्राप्त हो तथा उनकी आय में वृद्धि हो। उन्होंने कहा कि “बस्तर पवेलियन” के माध्यम से प्रदेश के शिल्पकारों की उत्कृष्ट कला को राष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा तथा छत्तीसगढ़ की ग्रामीण एवं जनजातीय हस्तशिल्प परंपरा को नई पहचान मिलेगी।
उन्होंने कहा कि राज्य शासन पारंपरिक हस्तशिल्प के संरक्षण, संवर्धन एवं विपणन को प्राथमिकता देते हुए कारीगरों को आधुनिक बाजार से जोड़ने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। ऐसे आयोजन न केवल स्थानीय उत्पादों के विपणन को बढ़ावा देंगे, बल्कि छत्तीसगढ़ को देश के महत्वपूर्ण सांस्कृतिक एवं हस्तशिल्प केंद्र के रूप में स्थापित करने में भी सहायक सिद्ध होंगे।
आयोजन के दौरान आगंतुकों को हस्तशिल्प उत्पादों के प्रदर्शन के साथ-साथ विभिन्न कलाओं के सजीव प्रदर्शन, कार्यशालाओं, पारंपरिक व्यंजनों तथा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का भी आनंद लेने का अवसर मिलेगा।
विभाग ने प्रदेशवासियों, कला प्रेमियों, विद्यार्थियों एवं हस्तशिल्प उत्पादों में रुचि रखने वाले सभी नागरिकों से इस आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने तथा स्थानीय शिल्पकारों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।

कार्यक्रम विवरण
कार्यक्रम : द लोकल मेकर्स मार्केट – 2026
तिथि : 31 जुलाई से 2 अगस्त 2026
समय : दोपहर 12:00 बजे से रात्रि 10:00 बजे तक
स्थान : द वाहे (The Vaahe), अंबुजा मॉल के सामने, विधानसभा रोड, रायपुर

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button