
रायपुर। गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के रामनगर स्थित श्री लक्ष्मी विनायक ज्वेलर्स में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और पुलिस चौकी रामनगर की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने दुकान की दीवार में छेद कर सोने-चांदी के आभूषण चोरी किए थे। वारदात का मास्टरमाइंड विशाल सचदेव बताया गया है।
दो रात में रची चोरी की साजिश
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने वारदात से पहले ज्वेलर्स दुकान की रेकी की थी। इसके बाद 26-27 सितंबर की रात दुकान की दीवार में आधा छेद किया गया। इसके बाद आरोपी मौके से लौट गए।
29-30 सितंबर की दरम्यानी रात आरोपी दोबारा दुकान के पास पहुंचे। पहले से किए गए छेद को बड़ा कर दुकान के अंदर दाखिल हुए और डिस्प्ले में रखे सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर फरार हो गए।
दुकान खोलने पर सामने आई चोरी
ज्वेलर्स संचालक सुनील जैन ने पुलिस को बताया कि उन्होंने 29 सितंबर की रात दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन सुबह करीब 10:30 बजे दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर सामान बिखरा हुआ था। दुकान की दाहिनी तरफ की दीवार की प्लाई गिरी हुई थी और दीवार में बड़ा छेद मिला। डिस्प्ले में रखे सोने-चांदी के आभूषण भी गायब थे।
इसके बाद संचालक ने गुढ़ियारी थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने जांच शुरू करते हुए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट के साथ संयुक्त कार्रवाई की और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।





