Featureछत्तीसगढ़

सुशासन तिहार में अबूझमाड़ को विकास की बड़ी सौगात: मुख्यमंत्री साय की संवेदनशीलता और वन मंत्री केदार कश्यप की पहल से गारपा में ऐतिहासिक घोषणाएं, दूरस्थ वनांचल तक पहुंची रोशनी

गारपा में स्वास्थ्य केंद्र, सड़क, पुलिया और पुलिस थाना सहित अनेक विकास कार्यों की घोषणा, ग्रामीणों से किया सीधा संवाद

नारायणपुर। सुशासन तिहार के तहत मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ अंचल स्थित ग्राम पंचायत गारपा पहुंचे, जहां उन्होंने जन चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री के साथ वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री केदार कश्यप भी उपस्थित रहे। दोनों नेताओं की मौजूदगी ने अबूझमाड़ के विकास के प्रति राज्य सरकार की गंभीरता और प्रतिबद्धता को स्पष्ट किया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि वर्षों तक नक्सल प्रभावित होने के कारण विकास से वंचित रहे अबूझमाड़ में अब बदलाव की नई कहानी लिखी जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार मिलकर बस्तर एवं विशेष पिछड़ी जनजातियों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना है और इसके लिए संसाधनों की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने जन चौपाल में ग्रामीणों से स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, आजीविका और शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन पर चर्चा की। ग्रामीणों ने बताया कि पहले जहां मूलभूत सुविधाओं के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी, वहीं अब शासन की योजनाएं गांवों तक पहुंच रही हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गारपा क्षेत्र के लिए कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों की घोषणा की। इनमें ग्राम गारपा में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना, तुमेराड़ी में दो पुलियों का निर्माण, गारपा में एक किलोमीटर आंतरिक सीसी सड़क, आंगनबाड़ी केंद्र की बाउंड्रीवाल, उप स्वास्थ्य केंद्र से राजकुमार के खेत तक सड़क निर्माण, मसपुर में मुख्य मार्ग से गुडरापारा तक सड़क निर्माण, आश्रम शाला गारपा की बाउंड्रीवाल तथा क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए गारपा में पुलिस थाना खोलने की घोषणा शामिल है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार अबूझमाड़ जैसे दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों तक विकास की किरण पहुंचाने का ऐतिहासिक कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक उपेक्षित रहे क्षेत्रों में अब सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और आजीविका के नए अवसर सृजित हो रहे हैं।

कश्यप ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने ग्रामीणों से शासन की योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने और विकास कार्यों में सहभागी बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की संवेदनशील सोच और सुशासन की प्रतिबद्धता के कारण आज अबूझमाड़ विकास की मुख्यधारा से तेजी से जुड़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने महतारी वंदन योजना की हितग्राही महिलाओं से भी चर्चा की। महिलाओं ने बताया कि योजना से मिलने वाली राशि का उपयोग वे परिवार की जरूरतों के साथ-साथ अपनी बेटियों के भविष्य के लिए बचत में कर रही हैं। मुख्यमंत्री ने इसे महिला सशक्तिकरण का सकारात्मक उदाहरण बताया।

जन चौपाल में मुख्यमंत्री ने रामलला दर्शन योजना, अटल डिजिटल सेवा, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, मुख्यमंत्री बस सेवा, मनरेगा, लखपति दीदी योजना और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए ग्रामीणों को इनका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में राज्य सहकारी लघु वनोपज संघ के अध्यक्ष रूपसाय सलाम, जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, जनसंपर्क आयुक्त रजत बंसल, कलेक्टर नम्रता जैन, पुलिस अधीक्षक रॉबिनसन गुड़िया, जिला पंचायत सीईओ आकांक्षा शिक्षा खलखो, डीएफओ वेंकेटेशा एमजी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

अबूझमाड़ के गारपा में आयोजित यह जन चौपाल सुशासन, विकास और जनविश्वास का सशक्त उदाहरण बनकर सामने आया, जहां मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और वन मंत्री केदार कश्यप ने मिलकर क्षेत्रवासियों को विकास और समृद्धि का नया भरोसा दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button